| Moisturized skin |
त्वचा को सुंदर, मुलायम बनाने और नमी देने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल किया जाता है। इससे स्किन स्वस्थ रहती है और लंबे समय तक जवां दिखती है। स्किन को हाइड्रेट या पानी की कमी को दूर करने के लिए मॉइस्चराइजर लगाया जाता है। रूखी त्वचा के लिए तो मॉइस्चराइजर बहुत ही जरूरी होता है। आइए जानते हैं मॉइस्चराइजर से जुड़ी कुछ बातें और इसे लगाने का सही तरीका क्या है।
मॉइस्चराइजर क्या होता है
कोई भी क्रीम, ऑयल या लोशन जो त्वचा के रूखेपन को कम करता हो या उसे नमी प्रदान करता हो मॉइस्चराइजर कहलाता है। शरीर में प्राकृतिक रूप से सीबम स्रावित होता है जो कि स्किन हाइड्रेट रखता है। सीबम की कमी होने पर मॉइस्चराइजर की मदद से बाहरी रूप से त्वचा को नमी दी जाती है। मॉइस्चराइजर में त्वचा को पोषण देने वाले, सूर्य की यूवी किरणों से बचाने वाले और एंटी-एजिंग गुण भी होते हैं।
मॉइस्चराइजर लगाने के फायदे
मॉइस्चराइजर लगाने से बेजान त्वचा से मुक्ति मिलती है और चेहरे पर चकत्तों एवं एजिंग के निशानों को भी दूर करता है। इससे चेहरे की झुर्रियां कम होती हैं और रूखी एवं तैलीय त्वचा की परेशानी से भी छुटकारा मिलता है। स्किन को कोमल, मुलायम, स्वस्थ और नमीयुक्त बनाने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल किया जाता है।
मॉइस्चराइजर कैसे चुनें
कोई भी मॉइस्चराइजर लगाने से पहले आपको अपनी स्किन के बारे में जान लेना चाहिए। कुछ मॉइस्चराइजर में एसपीएफ के गुण होते हैं जो कि सनस्क्रीन का भी काम करते हैं। अगर आप दिन में बाहर ज्यादा निकलती हैं तो एसपीएफ युक्त मॉइस्चराइजर ही लगाएं। रात में भी मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल किया जाता है।
मॉइस्चराइजर लगाने का तरीका
मॉइस्चराइजर लगाने का सही तरीका इस प्रकार है-
- सबसे पहले अपने चेहरे को फेसवॉश से धो लें। इससे चेहरे पर जमा धूल-मिट्टी निकल जाएगी और स्किन मॉइस्चराइजर को अच्छी तरह से सोख पाएगी।
- अब अपनी एक उंगली पर थोड़ा-सा मॉइस्चराइजर लें और उसे अपने गालों एवं माथे पर छोटी-छोटी बिंदुओं के रूप में लगाएं। अब सर्कुलर मोशन में उंगलियों की मदद से इस क्रीम काे हल्के-हल्के से फैलाएं।
- इसके बाद इसी तरह से मॉइस्चराइजर को नाक, ठोड़ी और अपर लिप भी लगाएं।
- चेहरे के जिन हिस्सों की त्वचा ज्यादा रूखी है, वहां पर मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं।
- तैलीय हिस्सों पर मॉइस्चराइजर नहीं लगाना चाहिए।
- मॉइस्चराइजर लगाने के बाद एक से दो मिनट उसे सूखने दें। इसके सूखने के बाद ही स्किन पर कुछ और एप्लाई करें।
मॉइस्चराइजर लगाने का सही समय
नहाने के बाद त्वचा को मॉइस्चराइज करना बहुत जरूरी होता है। जब भी आप पानी में काम करके जैसे कपड़े या बर्तन आदि धोकर आएं तो स्किन पर मॉइस्चराइजर जरूर लगाएं। रूखी त्वचा पर दिन में दो बार मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए। नहाने के बाद और रात को सोने से पहले मॉइस्चराइजर लगाना सही रहता है। घर से बाहर निकलने से पहले एसपीएफ युक्त मॉइस्चराइजर लगाना चाहिए।
स्किन के लिए मॉइस्चराइजर बहुत जरूरी होता है और अगर आपकी रूखी त्वचा है तो आपको जरूर अपनी स्किन को हाइड्रेट रखने के लिए मॉइस्चराइजर का इस्तेमाल करना चाहिए। आप अपनी जरूरत और स्किन टाइप के हिसाब से मॉइस्चराइजर चुन सकती हैं।
0 Comments
Thank you